Live VNS

लीबिया के बंदरगाह पर रूसी जहाज में विस्फोट, ड्रोन हमले की आशंका

लीबिया के बंदरगाह पर रूसी जहाज में विस्फोट, ड्रोन हमले की आशंका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बेनगाजी, 22 नवंबर (हि.स.)। लीबिया के पूर्वी हिस्से में स्थित बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े एक रूसी जहाज में विस्फोट के बाद आग लग गई। लीबिया की पूर्वी सरकार ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में जहाज पर ड्रोन हमले की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना की जिम्मेदारी अभी किसी पक्ष ने नहीं ली है।

पूर्वी लीबिया की सरकार के अनुसार, विस्फोट बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी जहाज में हुआ। यह जहाज दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग समझौतों के तहत रूस लौटते समय ईंधन और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए बंदरगाह पर रुका था।

सरकार ने कहा कि बंदरगाह और नौसैनिक अड्डे की अन्य सुविधाएं, जिनमें गोदाम भी शामिल हैं, सुरक्षित हैं। आग पर काबू पाने और घटनास्थल को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

सरकार ने संदिग्ध हमले की निंदा करते हुए इसे लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन और समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उसने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों या पक्षों के खिलाफ कानूनी और कूटनीतिक कदम उठाए जाएंगे।

सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लीबिया अपने बंदरगाहों, क्षेत्र और समुद्री सीमा को अंतरराष्ट्रीय संघर्षों या आपसी विवादों के निपटारे का केंद्र नहीं बनने देगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…