फर्जी ट्रैफिक चालान की एपीके फाइल से छात्र का मोबाइल हैक, व्हाट्सएप से 75 लोगों को भेजी संदिग्ध फाइल
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया पैंतरा अपनाते हुए फर्जी ट्रैफिक चालान की एपीके फाइल भेजकर एक छात्र का मोबाइल फोन हैक कर लिया।
इसके बाद ठगों ने छात्र के व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर उसके मोबाइल में सेव 75 से अधिक संपर्कों और विभिन्न ग्रुपों में वही संदिग्ध फाइल भेज दी। मामले को लेकर पीड़ित छात्र विशाल कुमार ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित छात्र विशाल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 नवंबर को उसके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान कटने का संदेश आया और इसके साथ एक एपीके फाइल भेजी गई। साइबर ठगों ने चालान का भय दिखाकर व डरा-धमकाकर उससे वह फाइल डाउनलोड करवा ली। फाइल इंस्टॉल होते ही छात्र का पूरा मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला गया।
मोबाइल हैक करने के बाद शातिर ठगों ने छात्र के फोन में कॉल और मैसेज फॉरवर्डिंग की सुविधा सक्रिय कर दी। इस वजह से पीड़ित छात्र को उसके नंबर पर आने वाले किसी भी कॉल या बैंक से जुड़े ओटीपी व संदेशों की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। हैकर्स ने छात्र के व्हाट्सएप नंबर से 75 से अधिक परिचितों को भी फर्जी चालान वाली एपीके फाइल फॉरवर्ड कर दी। छात्र के नंबर से संदेश आने के कारण कई लोगों ने इसे भरोसेमंद समझकर डाउनलोड कर लिया, जिससे उनके मोबाइल भी हैक हो गए। इसी क्रम में ठगों ने छात्र के गांव के दो अन्य लोगों के बैंक खातों से नौ हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित छात्र ने साइबर थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप या एसएमएस पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर