भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथित फर्जी वीडियो मामले में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से होगी पूछताछ, पुलिस जारी करेगी नोटिस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से पूछताछ करेगी। पुलिस इस संबंध में उन्हें नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से मुलाकात कर शिकायत सौंपी थी। इसमें पीसी शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं, छत्रसाल नगर फेस-2, पिपलानी निवासी संतोष वर्मा (57) ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता संतोष वर्मा का आरोप है कि नितिन नवीन का एक कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। यह वीडियो कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो के माध्यम से लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को नितिन नवीन का मूल वीडियो भी उपलब्ध कराया है। आरोप है कि इसी वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर दूसरा वीडियो तैयार किया गया।
मूल और वायरल वीडियो का कराया जाएगा परीक्षण
वायरल वीडियो में नितिन नवीन चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं और यह निर्णय चीन के दबाव में लिया गया है। पुलिस अब मूल वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का परीक्षण कराएगी। जांच के दौरान पीसी शर्मा से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि वीडियो उन्हें कहां से मिला और उन्होंने किस आधार पर इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। पुलिस वीडियो की प्रमाणिकता, उसमें संभावित छेड़छाड़ और उसे प्रसारित करने से जुड़े तथ्यों की भी जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे