Live VNS

फसल सुरक्षा से रबी बीज वितरण तक कृषि विभाग सक्रिय

फसल सुरक्षा से रबी बीज वितरण तक कृषि विभाग सक्रिय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कटिहार, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में रबी मौसम के कृषि कार्यों को गति देने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और फसलों को कीटों के प्रकोप से बचाने के लिए कृषि विभाग पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने जिले के कोढ़ा, समेली और कुरसेला प्रखंड का दौरा कर रबी बीज वितरण कार्यक्रम एवं फसल सर्वेक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के अंदर पात्र किसानों के बीच शत-प्रतिशत बीज वितरण सुनिश्चित करें और पोर्टल पर इसकी ससमय प्रविष्टि करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बीज वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान प्रखंड कृषि कार्यालय, कोढ़ा का औचक निरीक्षण करते हुए डीएओ ने लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र बीज वितरण करने को कहा। वहीं, समेली प्रखंड में उप परियोजना निदेशक (आत्मा) शशिकांत झा के साथ बीज वितरण की गुणवत्ता व मानकों की जांच करते हुए उन्होंने किसानों को बुआई से पूर्व बीज उपचार करने और वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। कुरसेला प्रखंड में उन्होंने चना, मटर और मक्का के शेष बचे बीजों का वितरण अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

इसके अलावा, कृषि विभाग की टीम द्वारा किए गए स्थलीय सर्वेक्षण में कुछ खेतों की मक्का फसल में फॉल आर्मीवर्म कीट के प्रथम व द्वितीय अवस्था के लार्वा पाए गए। इस पर विशेषज्ञों ने किसानों को अनावश्यक रासायनिक कीटनाशकों से बचने तथा पर्यावरण अनुकूल उपाय के तहत प्रारंभिक अवस्था में मिट्टी के घोल (सॉयल स्लरी) को पौधे के प्रभावित भाग व गाभा में डालकर कीट नियंत्रण करने की विधि समझाई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…