नीलगाय के आतंक से फसलों को बचाने के लिए कृषि विभाग ने जारी किए देसी व पारंपरिक नुस्खे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले में नीलगाय (घोड़परास) के झुंड द्वारा रबी व बागवानी फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने गेहूँ, मक्का, केला, दलहन, तिलहन और सब्जी उत्पादक किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक, देसी और सामूहिक उपाय अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नीलगाय को भगाने के लिए किसान किसी भी स्थिति में खुले बिजली के तार, विस्फोटक, खतरनाक फंदे या जहरीले पदार्थों का उपयोग न करें।
जारी परामर्श के अनुसार, गेहूँ, मक्का, दलहन, तिलहन व सब्जियों की प्रारंभिक और कोमल अवस्था में खेतों के चारों ओर बांस, मजबूत जाली या कांटेदार पौधों की जीवित बाड़ लगाएं तथा मेड़ों पर चमकीले रिबन व रिफ्लेक्टिव टेप बांधें। केले के बागानों के प्रवेश मार्गों पर मजबूत घेराबंदी करने और खेतों के आसपास सौर ऊर्जा आधारित लाइट लगाने को कहा गया है। देसी उपायों के तहत नीम, धतूरा, करंज, बेहया और आक (मदार) की पत्तियों को लगभग दो लीटर गोमूत्र व पानी के साथ सड़ाकर तैयार घोल को छानकर खेतों के चारों ओर छिड़कने की सलाह दी गई है, जो 80 से 90 प्रतिशत तक कारगर हो सकता है। हालांकि, धतूरा और आक विषैले होने के कारण कृषि वैज्ञानिक की सलाह के बिना इसका छिड़काव सीधे फसल, चारा या जलस्रोतों के पास न करने को कहा गया है। इसके अलावा नीलगाय के गोबर के घोल का छिड़काव भी मेड़ों पर सहायक हो सकता है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से समूह बनाकर सामूहिक निगरानी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नीलगाय का प्रकोप अधिक हो, तो किसान इसकी सूचना अपने प्रखंड कृषि पदाधिकारी या कृषि समन्वयक को दें, ताकि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर नीलगाय को पकड़ने या स्थानांतरित करने की विधिवत कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह