Live VNS

किसान यूनियन ने धान खरीद की मात्रा बढ़ाने, टोकन में राहत देने सौंपा ज्ञापन

किसान यूनियन ने धान खरीद की मात्रा बढ़ाने, टोकन में राहत देने सौंपा ज्ञापन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कांकेर, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में धान खरीद के बीच आज गुरूवार काे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिला प्रशासन के सामने तीन मांगें रखी हैं। यूनियन के जिला अध्यक्ष बाबूलाल साहू के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें फसल बीमा की राशि कटौती में पारदर्शिता लाने, धान खरीदी की मात्रा बढ़ाने और ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में किसानों को राहत देने की मांग की गई है।

किसान यूनियन का आरोप है कि फसल बीमा के नाम पर उनके खातों से राशि तो काट ली जाती है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं होती। वहीं धान खरीदी केंद्रों में कम मात्रा में खरीद और अन्य अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसान यूनियन ने यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि कई खरीद केंद्रों में प्रतिदिन लगभग 450 क्विंटल ही धान खरीदा जा रहा है। इसके चलते किसानों का धान समय पर नहीं बिक पा रहा है। मौसम खराब होने और बारिश के कारण खरीद प्रभावित होने से किसानों की परेशानी और बढ़ जाती है। इसके अलावा धान में नमी और सुखत के नाम पर अधिक कटौती तथा कुछ केंद्रों में पैसे की मांग किए जाने की शिकायतें भी उठाई गई हैं।

ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में किसानों को सुविधा देने की तीसरी मांग है। किसान यूनियन ने बताया कि सरकार की ओर से 70 और 30 प्रतिशत का अनुपात निर्धारित किया गया है, लेकिन कई किसान ऑनलाइन प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं। ऐसे में किसानों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में समान रूप से 50-50 प्रतिशत की सुविधा देने की मांग की, ताकि अशिक्षित और तकनीकी जानकारी नहीं रखने वाले किसानों को भी धान बेचने में परेशानी न हो। उन्होंने बीमा राशि की कटौती का सालाना रिकॉर्ड किसानों को उपलब्ध कराने और बीमा क्लेम की प्रक्रिया सरल बनाने की भी मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…