कोरबा में 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान बेचकर खुश हुए किसान वीर सिंह, ऑनलाइन टोकन से घर बैठे मिली सुविधा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोरबा, 27 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ की सुशासन सरकार द्वारा किसानों के हित में की गई पहल का लाभ अब धान उपार्जन केंद्रों में देखने को मिल रहा है। समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद और ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है। उपार्जन केंद्रों में बेहतर प्रबंधन से धान विक्रय की प्रक्रिया भी आसान हुई है।
इसका लाभ कोरबा जिले के ग्राम पंडरीपानी निवासी किसान वीर सिंह अगरिया को मिला है। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत दादरखुर्द धान उपार्जन केंद्र में 22.80 क्विंटल मोटा धान का विक्रय किया। किसान के पास 1 एकड़ 10 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। उन्होंने 24 नवंबर को ऑनलाइन माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया था। इसके बाद निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर आसानी से अपनी उपज बेची।
किसान वीर सिंह अगरिया ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समिति में बार-बार आने-जाने की परेशानी खत्म हुई है। अब घर बैठे ही टोकन मिलने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। पहले की तुलना में धान बेचने की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।
उन्होंने दादरखुर्द धान उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनके अनुसार, केंद्र में सुव्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जा रही है। बेहतर प्रबंधन और किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता दिए जाने से बिना अनावश्यक परेशानी के उपज का विक्रय संभव हो रहा है।
किसान वीर सिंह अगरिया ने कहा कि, प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करना किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं और बेहतर खरीदी व्यवस्था से किसानों का विश्वास बढ़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी