मध्य प्रदेश में क़ृषि उद्यमिता की ओर बढ़ रहा किसानों का रुझान, कोई बना उद्यमी तो कोई दे रहा रोजगार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- खेती से जुड़े क्षेत्रों में भी बढ़ रही भागीदारी
भोपाल, 17 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के किसानों ने अब पारंपरिक खेती से अलग खेती से जुड़े क्षेत्र में भी काम करना शुरू कर दिया और अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं। अब कृषि उद्यमिता से किसान बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। इनमें कोई प्रोसेसिंग यूनिट चला रहा है तो कोई खेती के साथ लोगों को रोजगार दे रहा है, जबकि महिला किसान ड्रोन सेवाओं से लाखों रुपये की कमाई कर रही हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से बारंबार अपील की है कि वे खेती से जुड़े क्षेत्रों जैसे पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी में अपना काम शुरू करें ताकि उनकी आय का आधार और ज्यादा मजबूत हो जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बलराम कृषि महोत्सव के दौरान कई ऐसे प्रगतिशील किसान मिले जिन्होंने उन्हें अपने नवाचारों की जानकारी दी।
जनसंपर्क अधिकारी अवनीश सोमकुवर मंगलवार को जानकारी देते हुए बताते हैं कि टीकमगढ़ में अनंतपुरा गांव के विष्णु शर्मा सब्जी उत्पादन और पॉली हाऊस निर्माण के साथ ही गौशाला का संचालन भी कर रहे हैं। अन्य किसान बालचंद अहिरवार प्राकृतिक खेती कर रहे हैं, जिससे लगभग 250 किसान जुड़े हैं। जगदीश अहिरवार- लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में की जा रही फूलों की खेती विशेष रूप से स्ट्रोबेरी, तरबूज, नीबू, अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं। अहिरवार ने बताया है कि वे उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन के अनुसार यह काम कर रहे हैं और दो दर्जन व्यक्तियों को रोजगार भी दे रहे हैं। इसके साथ ही 15 गायों को पालते हुए दुग्ध उत्पादन से भी लाभ कमा रहे हैं। अन्य किसान रमेश यादव कहते हैं कि वे वर्ष 2005 से बीज उत्पादन का काम कर रहे हैं। लगभग 3 लाख क्विंटल बीज उत्पादन में सक्षम बने हैं। श्रीमती सुनीता बुंदेला मधुमक्खी पालन से जुड़ गई हैं। वर्तमान में 5 केंद्र कार्य कर रहे हैं। यह मेहनत का काम है। आर्थिक लाभ भी अच्छा मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें बधाई दी और उनकी मेहनत की सराहना की।
इसी प्रकार सतना के सोहावल गांव के किसान शांतिनारायण पांडे मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना कर अच्छी तरह संचालन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आहवान से प्रेरित होकर वे कृषि के साथ पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय से जुड़ गए। ग्राम झरी मझगांव के प्रगतिशील कृषक अनिल उपाध्याय जैविक खेती के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
देवास जिले में देवास विकासखण्ड के गांव छोटी चुरलाय निवासी कृषक धर्मेन्द्र सिंह राजपूत ने प्राकृतिक और आधुनिक खेती के समन्वय से मॉडल फार्मिंग कर रहे है और अच्छी आमदनी ले रहे हैं। कनोरिया गांव की श्रीमती पवित्रा नागर ने प्राकृतिक खेती को अपना लिया है। सोनकच्छ के गांव अरनिया कला निवासी नारायण सिंह सेंधव ने शेडनेट व पॉलीहाउस के जरिए उद्यानिकी फसलों के प्रबंधन में विशेषज्ञता ले ली है।
कटनी में कटनी बोहरीबंद के किसान गोविंद पटेल ने बताया कि नरवाई प्रबंधन में किसान अच्छा काम कर रहे है। हैप्पी सीडर और सुपर सीडर के माध्यम से नरवाई प्रबंधन प्रभावी रूप से हो रहा है। शासन भी किसानों की मदद कर रहा है। आवेदन करने के बाद 1 लाख 90 हजार तक के नवीन यंत्रों पर 90 हजार की सब्सिडी की छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश पर जिले में एरिया चिन्हित कर उस क्षेत्र के किसानों को यंत्र प्रदान करने की योजना पर काम चल रहा है।
किसान अंकित नवानी ने बताया कि उन्होंने केंद्र शासन की पीएमएफएमई योजना के माध्यम से 10 लाख रूपये की सब्सिडी काजू की प्रोसेसिंग के लिए मिली। इससे अच्छा मुनाफा होने लगा है। अब वे ग्रेडिंग, कटिंग और सेलिंग में आगे बढ़ चुके है। कटनी के उन्नतशील किसान रामरूप पटेल बताते हैं कि उनके पास 8 एकड़ कृषि भूमि है। इस भूमि में वे एक-एक एकड़ क्षेत्र में मिर्ची, बैगन के साथ ही धान, गेहूं के अलावा बागवानी की खेती भी कर रहे हैं।
बालाघाट के पांडेवाड़ा गांव के किसान वेदराम राहंगडाले मछली पालन का कार्य करते हैं और अपने इस व्यवसाय के माध्यम से 30 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। लांजी तहसील के अमेड़ा गांव के किसान मुकेश नेवारे ने बताया कि वे धान की खेती के साथ सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी का कार्य भी करते हैं। अब मशरूम उत्पादन का काम भी शुरू किया है। कोहकाडीबर गांव की मंजू नगपुरे ने आत्मा परियोजना और आजीविका मिशन से जुड़ी हुई हैं तथा ड्रोन दीदी के रूप में कार्य कर रही हैं। इस कार्य के माध्यम से उन्हें सवा लाख रुपये की आय हो रही है। बगड़मारा गांव के किसान जियालाल राहंगडाले ने बताया कि वे प्राकृतिक खेती करते हैं और कृषि के नये तरीके अपनाकर खेती कर रहे हैं।
गुदमा गांव के किसान गुलाब चौधरी 30 एकड़ भूमि में गेहूं की फसल लगाते हैं और इससे 425 क्विंटल उत्पादन प्राप्त करते हैं।
रतलाम के किसान दिलीप पाटीदार बताते हैं कि उन्होंने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर घी बनाने का काम शुरू किया। वे अपना उत्पाद यूएस और श्रीलंका भेज रहे हैं। वे बिलोना पद्धति से घी बनाते हैं। इससे घी की शुद्धता और स्वाद दोनों अच्छा होता है। अब घी की मांग बढ़ रही है। एक अन्य किसान कन्हैयालाल पाटीदार कम शुगर वाले वीएनआर पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं। उनका माल दिल्ली, मुंबई और असम तक जाता है। रेखा व्यास जैविक उर्वरक के लिए रिसर्च सेंटर चलती है। वे कहती हैं कि इसी का भविष्य है इसलिए निरंतर अनुसंधान जरूरी है।
इसके अलावा छतरपुर के प्रगतिशील किसान सलीम खान जैविक और प्रकृति खेती के साथ औषधीय फसलों का उत्पादन भी कर रहे हैं। समैया गांव की श्रीमती हब्बी बाई बताती हैं कि कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा, ज्वार एवं अन्य लघु धान्य फसलों का उत्पादन कर रही है। इनकी प्रोसेसिंग करके, मूल्य संवर्धन कर बाजार में बेचते हैं। हटाना गांव के अनिल यादव बताते हैं कि उन्होंने कस्टम हायरिंग केंद्र खोला है। एक ट्रैक्टर और 6 प्रमुख यंत्र इसमें उपलब्ध हैं जो किसानों के काम आ रहे हैं। सालाना मुनाफा लगभग 5:50 लाख रुपए का हुआ है।
वहीं, विदिशा की ड्रोन दीदी प्रभा वर्मा कहती है की ड्रोन चलाना सिखा कर सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाया है। वे आगे बताती हैं कि अब तक खेतों में 1100 से सबसे ज्यादा स्प्रे किए हैं। एक स्प्रे का 300 रूपये लेती है जो सर्विस चार्ज होता है। वे 3 लाख से ज्यादा कमा कर लखपति दीदी बन गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें बलराम कृषि महोत्सव में बधाई दी और कहा कि हौसलों की कमी नहीं होना चाहिए। सरकार हर पल सहयोग देने के लिए तैयार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत