फर्रुखाबाद में 21 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम, सीडीओ ने तैयारियों के दिए निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- पात्र लाभार्थियों का पारदर्शिता से चयन करने और विवाह स्थल पर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
हाथरस, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक वातावरण में कराया जाता है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का चयन शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता से करने तथा उनके अभिलेखों का समय से सत्यापन और पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विवाह समारोह स्थल पर पंडाल, मंच, बैठने, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन और जलपान के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार तथा नगर निकाय एवं पंचायती राज विभाग को सफाई और पेयजल की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध ढंग से कार्य करें, ताकि वर-वधू और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना