ओवरटेक कर रही टूरिस्ट बस ट्रक से टकराई, दो की मौत, 25 घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
फतेहपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में खागा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 03 बजे ओवरटेक के दौरान एक टूरिस्ट स्लीपर बस आलू लदे ट्रक से टकरा गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। इस हादसे में 02 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गये।
खागा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-02 के भोगलपुर गांव के पास राजदरबार ढाबे के सामने यात्रियों से भरी टूरिस्ट स्लीपर बस आलू लदे ट्रक से पीछे टकरा गई। इस हादसे में बस परिचालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे भोगलपुर गांव के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस के दोनों इमरजेंसी दरवाजे नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बस संख्या यूपी 53 एमटी 6614 यात्रियों को लेकर बनारस जा रही थी। बीती रात करीब 03 बजे बस चालक आलू लदे ट्रक संख्या आरजे 14 जीएन 8053 को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में फतेहपुर खागा के सुल्तानपुर घोष निवासी आशीष गुप्ता (34) की मौत हो गई है। मृतक नोएडा में रहकर पढ़ाई करता था। खागा के नजदीक आने पर वह अपनी सीट से उठकर बस के आगे केबिन के पास खड़ा हो गया था। इसी दौरान हादसा होने से उसकी मौत हो गई। वहीं चालक के पीछे केबिन में सो रहे बस परिचालक आशीष कुमार (31) निवासी करबल नगर, उत्तर-पूर्वी दिल्ली की भी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची खागा कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। घायलों को दो एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।----------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार