Live VNS

फरीदाबाद : मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फरीदाबाद : मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फरीदाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में ऊंचा गांव में क्राइम ब्रांच और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी की पहचान विमल निवासी सुभाष कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, तीन कारतूस, दो खाली खोल और चोरी की एक बाइक बरामद की है। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बुधवार देर रात ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच की टीम थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में गश्त पर थी। जहां पर चोरी की बाइक से जाते हुए विमल को रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मियों पर दो राउंड फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खाली खोल बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विमल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ चोरी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में हुई चोरी की 4 से 5 वारदातों में भी वांछित था। फिलहाल पुलिस आरोपी का सिविल अस्पताल में इलाज करा रही है। उसकी हालत सामान्य है। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…