Live VNS

फरीदाबाद में साइबर ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा

फरीदाबाद में साइबर ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फरीदाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति को टेलीग्राम टास्क के नाम पर सात लाख 65 हजार 839 रुपये का चूना लगाया, जबकि दूसरे मामले में फोन हैक कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से दो लाख 27 हजार 87 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल नौ लाख 92 हजार 926 रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है। पहले मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने पर्वतीय कॉलोनी निवासी व्यक्ति से टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने के मामले में दिल्ली निवासी खाताधारक सुरेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीडि़त ने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को उसके पास एक युवती का फोन आया। उसने पार्ट टाइम जॉब का झांसा दिया और व्हाट्सएप पर एक टेलीग्राम आईडी भेजी। आईडी ज्वाइन करने के बाद पीडि़त को प्रीपेड टास्क दिए जाने लगे। अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल सात लाख 65 हजार 839 रुपये निवेश करवा लिए गए। इसके बाद न तो उसे कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सुरेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह इस ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते का खाताधारक है। उसके खाते में ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये आए थे। आरोप है कि उसने अपना बैंक खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी बीकॉम पास है और प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। दूसरे मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तिगांव निवासी व्यक्ति के साथ फोन हैक कर दो लाख 27 हजार 87 रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों सलमान और अरबाज को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, पीडि़त ने शिकायत में बताया कि 18 जुलाई 2026 को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया और अपने आप चलने लगा। इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से उपरोक्त रकम निकल गई। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सलमान खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता अरबाज को दिया था। अरबाज ने यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी के 22 हजार रुपये आए थे। पूछताछ में पता चला कि सलमान दसवीं पास है और फैब्रिकेशन का काम करता है, जबकि अरबाज 12वीं पास है और सिलाई का काम करता है। दोनों आपस में मौसेरे भाई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…