Live VNS

फरीदाबाद : कंटेनर से माल उतारते समय बिगड़ा संतुलन, व्यक्ति की मौत

फरीदाबाद : कंटेनर से माल उतारते समय बिगड़ा संतुलन, व्यक्ति की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फरीदाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में शनिवार को एक निजी कंपनी में काम करते समय कंटेनर से गिरकर 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव तिलपत निवासी सरदार सिंह के रूप में हुई है। वह लंबे समय से चेन-कुप्पी मशीन चलाने का काम करता था। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे सरदार सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। सेक्टर-31 थाना पुलिस के अनुसार, गांव तिलपत निवासी सरदार सिंह लंबे समय से चेन-कुप्पी मशीन चलाने का काम करता था। वह सेक्टर-31 स्थित एक निजी कंपनी में माल उतरवाने गया था। वहां कंटेनर से सामान नीचे उतारने का काम चल रहा था। इस दौरान सरदार सिंह कंटेनर के ऊपर खड़ा होकर चेन-कुप्पी मशीन की मदद से सामान उतरवा रहा था। काम के दौरान अचानक सरदार सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह कंटेनर से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। कंपनी में मौजूद लोग उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन अशोक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार के कहने पर ही सरदार सिंह कंटेनर के ऊपर चढ़ा था। ऐसे में उसकी मौत के लिए ठेकेदार जिम्मेदार है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…