Live VNS

फरीदाबाद पुलिस ने एक दिन में पकड़े सात बेल जंपर व दो पीओ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फरीदाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक दिन में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सात बेल जंपर और दो उद्घोषित अपराधी (पीओ) शामिल हैं। पुलिस की विभिन्न टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सात आरोपी अलग-अलग आपराधिक मामलों में जमानत पर बाहर आने के बाद अदालत द्वारा निर्धारित पेशी की तारीखों पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। लगातार गैरहाजिर रहने के कारण उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं, दो अन्य आरोपी अदालत द्वारा पीओ घोषित किए जा चुके थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।

पुलिस की विभिन्न टीमों ने ऐसे आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की थी। इसी अभियान के तहत पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जमानत पर बाहर आने के बाद अदालत में पेश न होने वाले और उद्घोषित अपराधी घोषित होने के बावजूद गिरफ्तारी से बचने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…