Live VNS

फरीदाबाद : पुरानी करंसी की खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी, दो गिरफ्तार

फरीदाबाद : पुरानी करंसी की खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी, दो गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फरीदाबाद, 20 नवंबर (हि.स.)। पुराने नोट और सिक्के बेचकर करोड़पति बनने के लालच में फरीदाबाद के एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने एक लाख रुपए का चूना लगा दिया। ठगों ने उसके पास मौजूद पांच रुपए के पुराने नोट की कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई थी। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर जिले के गांव शेरपुर बास निवासी राहुल और मोमीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार अदालत में पेश कर पांच के दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी एक राहुल ने फेसबुक पर पुराने करेंसी नोट खरीदने-बेचने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को एक्सचेंज बायर कंपनी से जुड़ा बताया। उसने शिकायतकर्ता के 5 रुपए के पुराने नोट के बदले करीब 1 करोड़ रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद ठगों ने टैक्स, सिक्योरिटी और कस्टम फीस सहित अलग-अलग शुल्क के नाम पर उससे विभिन्न बैंक खातों में 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय तक रकम नहीं मिलने पर पीडि़त को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल ने अपने दो जानकारों के बैंक खाते लेकर मोमीन को उपलब्ध करवाए थे। मोमीन सोशल मीडिया पर पुराने नोट खरीदने के विज्ञापन डालता था। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को पुराने नोटों के बदले करोड़ों रुपए मिलने का झांसा देकर ठगी की जाती थी। ठगी की रकम इन्हीं बैंक खातों में मंगवाई जाती थी। इसके अलावा मोमीन बैंक खाते दूसरे साइबर ठगों को भी उपलब्ध करवाता था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…