फरीदाबाद में पाकिस्तान व आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने का आरोप, व्यक्ति गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
फरीदाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में पाकिस्तान और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति द्वारा ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’, ‘आईएसआई जिंदाबाद, अलकायदा जिंदाबाद और आतंकी हाफिज सईद जिंदाबाद’ के नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुन्नी खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह सेक्टर-3 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब के सामने की है। बताया जा रहा है कि वहां कुछ बुजुर्ग अपने काम से मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका सुन्नी खान से विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने कथित तौर पर पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान उसने हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। मौके पर मौजूद हिंदू जागरण मंच से जुड़े एक व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में आरोपी कथित तौर पर नारे लगाता सुनाई दे रहा है। वीडियो में वह अपना वीडियो बनाने की चुनौती देते हुए भी दिखाई देता है। मामले की शिकायत सीनियर सिटीजन क्लब के महासचिव चरण सिंह ने सेक्टर-3 पुलिस चौकी में दी। शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और काफी समय से बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में रह रहा था। उसके धर्म परिवर्तन किए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद के दौरान नारे लगाने के पीछे क्या कारण थे और इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर