Live VNS

बिना वैध अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वाली फर्म पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

बिना वैध अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वाली फर्म पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

महावीर नगर स्थित फर्म से लगभग 5 लाख रुपये की सामग्री जब्त

रायपुर, 17 नवंबर (हि. स.)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर की टीम ने बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण करने वाली फर्म के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है।

टीम ने महावीर नगर स्थित मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल का औचक निरीक्षण कर लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देशानुसार एवं सहायक औषधि नियंत्रक बेनी राम साहू के मार्गदर्शन में की गई।

निरीक्षण के दौरान फर्म के संचालक महेंद्र सबदेव द्वारा बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण किया जाना पाया गया। मौके पर ग्लैमरिक्स ब्यूटी क्रीम, मॉम ब्यूटी व्हाइटनिंग क्रीम और क्वीनज पर्ल फेशियल सीरम का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने इन तीनों उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए लिए। साथ ही निर्मित उत्पादों सहित निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही 12 प्रकार की मशीनें, 8 प्रकार के पैकेजिंग कार्टन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख रुपये है

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि, यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के तहत की गई है। जब्त नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी टेकचंद धिरेठ, ईश्वरी नारायण सिंह, श्रीमती लक्ष्मी कौशिक एवं सुरेश साहू शामिल रहे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि, कॉस्मेटिक उत्पाद खरीदते समय निर्माता का नाम, पता, निर्माण अनुज्ञप्ति संबंधी विवरण एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच अवश्य करें। बिना वैध अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय की जानकारी मोबाइल नंबर 9340597097 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि, जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…