सोनीपत: हेरोइन सहित महिला नशा तस्कर गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सोनीपत, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की
सोनीपत यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोहाना के आर्य नगर से एक महिला
को 10.14 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर गोहाना मामला
दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला की पहचान गोहाना निवासी कविता के रूप में हुई है।
वह मूल रूप से गांव भकलाना, जिला हिसार की रहने वाली है।
यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि उनकी टीम
नशा रोकथाम अभियान के तहत गोहाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से
सूचना मिली कि आर्य नगर निवासी कविता हेरोइन बेचने का काम करती है और इस समय अपने घर
के सामने गली में नशीला पदार्थ बेच रही है। बताए गए हुलिए के आधार पर एक महिला को काबू
कर लिया।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके हाथ
में लटके ग्रे रंग के पर्स से एक पारदर्शी मोमी थैली मिली। इसमें पीले रंग के टुकड़ों
के रूप में नशीला पदार्थ रखा था। जांच अधिकारी के अनुभव और आरोपी की पुष्टि के आधार
पर इसे हेरोइन बताया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर मोमी थैली सहित इसका वजन 10.14 ग्राम
मिला। पुलिस के अनुसार बरामद मात्रा एनडीपीएस एक्ट के तहत इंटरमीडिएट क्वांटिटी की
श्रेणी में आती है। महिला के पास इसे रखने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था।
प्रारंभिक जांच के बाद एचएसएनसीबी टीम ने आरोपी को थाना शहर
गोहाना पुलिस के हवाले कर दिया। जिला पुलिस अब उससे पूछताछ कर हेरोइन के स्रोत और सप्लायर
का पता लगाने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना