Live VNS

खाद दुकान की जांच के दौरान एसडीओ से बदसलूकी, दुकानदार के बेटे ने लगाया पक्षपात का आरोप

खाद दुकान की जांच के दौरान एसडीओ से बदसलूकी, दुकानदार के बेटे ने लगाया पक्षपात का आरोप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। निर्मली अनुमंडल क्षेत्र में खाद दुकानों की नियमित जांच के दौरान मंगलवार दोपहर एक दुकान पर कृषि विभाग के अधिकारियों और दुकानदार के बेटे के बीच विवाद हो गया। निर्मली नगर के मेन रोड स्थित दिव्य खाद भंडार में जांच करने पहुंचे अनुमंडल कृषि पदाधिकारी गोपाल कुमार मंडल ने दुकानदार के बेटे विनीत नाहर पर बदसलूकी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया।

अधिकारियों के अनुसार, कृषि विभाग की ओर से प्रत्येक सीजन में खाद एवं बीज दुकानों की नियमित जांच की जाती है। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, उपलब्ध स्टॉक और बिक्री पंजी की जांच की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत टीम दिव्य खाद भंडार पहुंची थी।

अधिकारियों का आरोप है कि दुकान के प्रोपराइटर के मौजूद नहीं रहने पर उनके बेटे ने जांच में सहयोग करने के बजाय अधिकारियों के साथ बदसलूकी की और जांच कराने से इनकार कर दिया।

वहीं, दुकानदार के बेटे विनीत नाहर ने अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जांच का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिला कृषि पदाधिकारी और अनुमंडल कृषि पदाधिकारी की मौजूदगी में ही जांच कराई जाए। उन्होंने सभी खाद दुकानों की क्रमवार जांच कराने तथा थोक विक्रेताओं से लेकर खुदरा दुकानदारों तक के स्टॉक की जांच की मांग की। विनीत नाहर ने आरोप लगाया कि वह संबंधित अधिकारी के साथ रुपये-पैसे का लेनदेन नहीं करते हैं, इसी वजह से धान के सीजन से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि सही काम को भी गलत दिखाया जा सकता है। उन्होंने बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में एक-एक बोरी खाद की गिनती कराकर जांच कराने की बात कही।

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने बताया कि दुकान में उपलब्ध खाद का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नकली खाद या बीज के कारोबार की आशंका की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने मामले की जानकारी प्रशासन को देने की बात कही।

मामले को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दुकान में कोई अनियमितता थी या जांच के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…