25 किलो अवैध गांजा के साथ दाे नाबालिग सहित पांच आरोपित गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुकमा, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले की पुलिस ने ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले इस अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ते हुए रविवार काे दो अलग-अलग कार्रवाइयों में ट्रॉली बैग में कपड़ों की जगह गांजे के पैकेट छिपाकर आम यात्रियों के वेश में गांजा की तस्करी करने वाले गिरोह के दाे नाबालिग सहित पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 25 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपिताें में ओडिशा और उत्तर प्रदेश के दाे आराेपित शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि मलकानगिरी से दोपहिया वाहन पर सवार दो लोग गांजे की खेप लेकर सुकमा आ रहे हैं। जांच नाके पर घेराबंदी के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग के भीतर 12 पैकेटों में भरा 25 किलो 450 ग्राम गांजा मिला। पकड़े गए आरोपिताें में एक मलकानगिरी निवासी रविंद्र सोड़ी है। वहीं दूसरा आरोपित नाबालिग है।
सुकमा में पकड़े गए आरोपिताें के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को नेटवर्क की अगली कड़ी का सुराग मिला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ तथा नोएडा के एक अपचारी बालक की पहचान हुई, जो सुकमा से निकलकर जगदलपुर पहुंचे थे। सूचना मिलते ही सुकमा पुलिस ने जगदलपुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर तीनों आराेपिताें को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह कई स्तरों पर काम करता था। मलकानगिरी से गांजा उपलब्ध कराने वाले और दोपहिया से सुकमा तक लाने वाले लोग अलग थे। इसके बाद बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवकों को पैसों का लालच देकर वाहक बनाया जाता था। यह वाहक ट्रॉली बैग, सूटकेस और साधारण थैलों में गांजा छिपाकर बसों व ट्रेनों में आम यात्रियों की तरह सफर करते थे और रास्ते बदलते हुए मेरठ, नोएडा व दिल्ली में खेप पहुंचाकर छोटी पुड़ियों में बेचते थे।
सुकमा थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन राजपूत ने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है और उसके आर्थिक लेन-देन व अन्य साथियों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे