एरीज में भारत-नेपाल के 30 शोधार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नैनीताल, 27 नवंबर (हि.स.)। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में 23 से 27 नवंबर तक पांच दिवसीय 'हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च' (हिस्तार-2026) का आयोजन किया गया। इसमें भारत और नेपाल के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों के करीब 30 शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों ने भाग लिया।
एरीज और पुणे स्थित अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र आयुका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान, दूरबीनों के संचालन, खगोलीय आंकड़ों के विश्लेषण तथा अनुसंधान की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन से रात्रिकालीन खगोलीय अवलोकन भी किए।
इसके अतिरिक्त देवस्थल वेधशाला के भ्रमण के दौरान उन्हें 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डॉट), 4 मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (आईएलएमटी) और 1.3 मीटर देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डीएफओटी) जैसी महत्वपूर्ण प्रेक्षण सुविधाओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एरीज के डॉ. जीवन पांडेय, डॉ. नीलम पंवार, आयुका के डॉ. अनुपम भारद्वाज तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. हुम चंद ने किया। एरीज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार नाजा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें खगोल विज्ञान के क्षेत्र में शोध के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिमालयी एवं आसपास के क्षेत्रों में युवा शोधकर्ताओं को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर भविष्य के अनुसंधान के लिए सक्षम बनाना तथा देश में खगोलीय शोध को प्रोत्साहित करना रहा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी