जींद : हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, शव लेने से किया मना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। उचाना खंड के गांव कहसून में युवक की हत्या के आरोपितों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरूवार को परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया। हालांकि पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।
आरोपितों की धरपकड़ के लिए पांच टीमों का गठन किया हुआ है। जो आरोपितों की गिरफ्तारी की के लिए छापेमारी कर रही है। दिनभर पुलिस तथा परिजनों को बीच गतिरोध बना रहा। मौके पर पुलिस अधिकारियों को परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
गांव कहसून निवासी नवाब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को गांव के ही राहुल तथा गौरव को पुलिस चोरी के सिलसिले मे लेकर गई थी। दोनों आरोपितों को संदेह था कि उसके पिता कृष्ण ने मुखबरी की है। जिसको लेकर पूरा दिन झगड़ा होता रहा। शाम को राहुल व उसके परिजनों ने उनके परिवार पर उन पर घर में घुस कर हमला कर दिया। जिसमेंउसके चाचा राजू की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। जबकि पिता कृष्ण समेत तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उचाना थाना पुलिस ने नवाब की शिकायत पर रमेश, विजय, सावन, बलराम, जसबीर, राहुल, गौरव, विशाल, विकास, दिलबाग, निरंजन, जोनी, विक्रम, ममता के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
गुरूवार को परिजनों ने शव को लेने से मना कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। उचाना थाना प्रभारी तथा सिविल लाइन थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और मृतक परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना था कि पुलिस मुख्यआरोपितों को जब तक गिरफ्तार नही किया जाता तब तक शव को नही लेंगे। दिनभर पुलिस तथा परिजनों के बीच इस बात को लेकर गतिरोध चलता रहा। उचाना थाना प्रभारी राजू ने बताया कि हत्यारोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जिसमें सीआईए, उचाना थाना तथा डिटेक्टिव तथा एजेंसियां शामिल है। जो आरोपितों की धरपकड़ के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा