सिरोही जिले की पांच तहसीलें गंभीर सूखाग्रस्त घोषित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उनके कल्याण और आर्थिक संबल के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने खरीफ फसल संवत् 2083 (वर्ष 2026) में सूखे से प्रभावित सिरोही जिले की पांच तहसीलों को गंभीर सूखाग्रस्त घोषित करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व विभाग द्वारा ग्राउंड ट्रूथिंग करवाए जाने पर सिरोही जिले की पांच तहसीलें आबूरोड, देलदर, पिण्डवाड़ा, रेवदर एवं सिरोही गंभीर सूखाग्रस्त श्रेणी में पाई गईं। अधिसूचना जारी होने के पश्चात इन अभावग्रस्त तहसीलों में एसडीआरएफ के मानदंडों के अनुसार कृषि आदान-अनुदान वितरण एवं अन्य राहत गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में मानसून सत्र में औसत वार्षिक वर्षा से लगभग 20 प्रतिशत कम होने के कारण पूर्व में कुल 15 जिलों की 87 तहसीलों को भी सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है। इन तहसीलों में से 73 तहसील गंभीर सूखाग्रस्त श्रेणी एवं 14 तहसील मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Giriraj Soni