Live VNS

अमरनाथ यात्रा के बाद सड़क चौड़ी करने का काम निर्धारित सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संबंधी सुरक्षा उपायों के अनुरूप किया गया: बीआरओ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू, 23 नवंबर(हि.स.)। बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन ( बीआरओ ) ने आज कहा कि वह अमरनाथ यात्रा के बाद के कार्यों को सभी जरूरी सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संबंधी सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए पूरा कर रहा है। बीआरओ खुदाई से निकली सामग्री के सुरक्षित निपटान, प्राकृतिक जल निकासी (ड्रेनेज) की सुरक्षा और आसपास की जमीन पर कम से कम असर डालने के लिए हर संभव कदम उठाता है।

बीआरओ ने बताया कि सोशल मीडिया पर हाल ही में वायरल हो रहा वीडियो जिसमें नए निर्माण कार्यों का दावा किया गया है, वह गलत है। पिछली यात्राओं के अनुभव और श्री अमरनाथ यात्रा के लिए चौड़े रास्तों की जरूरत को देखते हुए बीआरओ ने रास्तों को चौड़ा करने का काम शुरू किया है। इसमें कमजोर हिस्सों को मजबूत करने और रास्तों को तय मानकों के अनुसार चौड़ा करने पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि भीड़ कम हो सके और आवाजाही सुरक्षित हो सके। ये काम केवल मौजूदा रास्तों तक ही सीमित हैं। बीआरओ का मुख्य उद्देश्य पूरी यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा करना है। इन रास्तों को तीर्थयात्रियों, यात्रा से जुड़े कर्मियों और इनका इस्तेमाल करने वाले अन्य सभी लोगों के लिए अधिक सुरक्षित और सुलभ बनाकर, बीआरओ जनहित में काम कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…