शहडोल : शहडोल में तीन मौत पर भड़के लोगों ने डॉक्टर को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शहडोल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला चिकित्सालय में 9 नवंबर की रात ड्यूटी के दौरान डॉक्टर को थप्पड़ मारने का बुधवार को वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक डॉ. नीरज जैसवाल को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। महिला सिविल सर्जन बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं, जबकि मौके पर मौजूद सीएसपी ने डॉक्टर को बचाया। घटना के बाद चिकित्सालय के चिकित्सक आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लामबंद हो गए हैं।
ज्ञात हो कि सोमवार की रात शहर की चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में डूबे तीन युवकों को जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में लाया गया था। उनके साथ कई अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे थे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने तीनों की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद कुछ लोग नाराज हो गए। सिविल सर्जन की ओर से कोतवाली पुलिस को भेजे गए पत्र के अनुसार, कुछ लोगों ने डॉक्टर की टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। उन्होंने डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की।
पत्र में कहा गया हैं कि इस दौरान कुछ युवकों ने डॉ. नीरज जैसवाल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया। इनमें से एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चिकित्सकों की नाराजगी और बढ़ गई। डॉ. नीरज जैसवाल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया।डॉ. नीरज जैसवाल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बुधवार को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। डॉक्टर अपना बयान दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।
पत्र में चिकित्सक संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के साथ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की घटनाओं से चिकित्सकों और कर्मचारियों में डर का माहौल बनता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला