Live VNS

कोरबा में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, हरियाणा जलेबी से लिए सैंपल, सुनील स्वीट्स बंद

कोरबा में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, हरियाणा जलेबी से लिए सैंपल, सुनील स्वीट्स बंद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोरबा, 17 नवम्बर (हि. स.)। त्योहारी सीजन के बाद भी मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की जांच को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने प्राप्त शिकायत के आधार पर मंगलवार को पॉवरहाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग का निरीक्षण किया। वहीं, रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में अस्वच्छ परिस्थितियों और खराब मिठाइयां मिलने पर सख्त कार्रवाई की गई।

खाद्य विभाग की टीम ने पॉवरहाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।

इसी प्रकार रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान दुकान में अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। साथ ही लगभग 70 से 75 किलोग्राम खराब हो चुकी मिठाई भी मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य विभाग ने दुकान में आवश्यक सुधार होने तक उसे बंद करा दिया है।

खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग का निरीक्षण कर खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। वहीं, रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में अस्वच्छ परिस्थितियां और खराब मिठाई पाए जाने पर लगभग 70 से 75 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई है। साथ ही, सुधार होने तक फर्म को बंद कराया गया है।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…