जबलपुरः मझौली में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 एकड़ वन भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को मझौली क्षेत्र के ढोंडा गांव में विभागीय अमले ने अभियान चलाकर करीब 45 एकड़ सरकारी वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई गई है। इस भूमि पर सात लोगों ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था।
वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत वनमंडलाधिकारी जबलपुर और उपवनमंडलाधिकारी सिहोरा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले भूमि का सीमांकन कराया। इसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध कब्जों को हटाकर सरकारी जमीन को अपने कब्जे में लिया।
अतिक्रमण हटाने के बाद वन विभाग ने जमीन की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए। भविष्य में दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए जेसीबी मशीनों से पूरे क्षेत्र में कैटल प्रूफ ट्रेंच यानी मवेशियों और अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए खाई खुदवाई गई है।
पूरी कार्रवाई रेंजर अजय मिश्रा, डिप्टी रेंजर राजेश खरे और बीट प्रभारी अनिल सेंगर के नेतृत्व में वन विभाग के भारी अमले ने की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे की कोशिश न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक