Live VNS

शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर 20 रेलगाड़ियों में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान

शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर 20 रेलगाड़ियों में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 13 नवम्बर (हि.स.)। शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाकर 283 मामलों से 2,22,560 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया। अभियान के दौरान शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर कुल 20 रेलगाड़ियों की सघन जांच की गई।

छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष टिकट चेकिंग अभियान मुरादाबाद मंडल द्वारा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि यह अभियान सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि सिंह मीना के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें 13 टिकट चेकिंग कर्मचारियों एवं 09 रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के दौरान शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर कुल 20 गाड़ियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 75 मामले सामने आए, जिनसे 71,695 रुपये तथा अनियमित यात्रा के 208 मामलों से 1,50,865 रुपये का जुर्माना एवं किराया वसूल किया गया। इस प्रकार कुल 283 मामलों में 2,22,560 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया गया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…