Live VNS

ड्यूटी से वर्षों से नदारद रहने पर जिले के चार सरकारी डॉक्टर बर्खास्त

ड्यूटी से वर्षों से नदारद रहने पर जिले के चार सरकारी डॉक्टर बर्खास्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही बरतने और लंबे समय से ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के खिलाफ राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।

राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भागलपुर जिले के चार सरकारी डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है। बर्खास्त किए गए डॉक्टरों में भागलपुर सदर अस्पताल के दो विशेषज्ञ चिकित्सक और प्रखंड स्तर के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात दो सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई इस बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। विभाग के अनुसार, ये चारों चिकित्सक वर्ष 2020 और 2021 से ही बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के अपने कार्यस्थल से लगातार गायब चल रहे थे।

विभागीय जांच में चारों डॉक्टरों की अनधिकृत अनुपस्थिति की पुष्टि होने के बाद नवंबर 2023 में इनके विरुद्ध विधिवत अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को कारण बताओ नोटिस और जून 2024 में दूसरा स्मार पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बावजूद किसी भी चिकित्सक ने जवाब नहीं दिया। अंतिम अवसर देते हुए विभाग ने दिसंबर 2025 में समाचार पत्रों में आम सूचना प्रकाशित कर इन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया, लेकिन कोई भी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग की सहमति प्राप्त कर बर्खास्तगी का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा गया, जिसे मंजूरी दे दी गई।

जिन चार डॉक्टरों की नौकरी गई है उनमें डॉ. राकेश कुमार निराला (ईएनटी विशेषज्ञ, सदर अस्पताल, भागलपुर, डॉ. गोपीनाथ भगत (स्त्री रोग विशेषज्ञ, सदर अस्पताल, भागलपुर, डॉ. अमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, एपीएचसी ममलखा, सबौर और डॉ. सुमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, एपीएचसी सजौर, शाहकुंड शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि पूरे राज्य में ऐसे कुल 11 लापरवाह डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त किया गया है, जिनमें सर्वाधिक चार चिकित्सक भागलपुर जिले के हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…