Live VNS

अग्निकांड में चार प्रतिष्ठान जलकर खाक, लाखों की संपत्ति का नुकसान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड बाईपास के सामने गुरुवार देर रात अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस आग की चपेट में आकर दो दुकानें और दो गोदाम समेत कुल चार प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में स्थानीय व्यापारियों को लाखों रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

स्थानीय स्रोतों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अग्निकांड में जिन चार प्रतिष्ठानों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है, उनमें एन. के. इलेक्ट्रॉनिक्स चंद्र किशोर पंडित की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान, ओम रेडीमेड संजय कुमार की कपड़ा दुकान, पप्पू चौधरी का कपड़ों का गोदाम और जीतेश कुमार मंडल का गोदाम शामिल है।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उसने आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी जद में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल की पहल और प्रशासन की सूचना पर दमकल की कुल पांच गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं।

स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद से पीड़ित दुकानदारों और स्थानीय व्यवसायियों में गहरा रोष और मायूसी है।

व्यापारियों और स्थानीय समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुलतानगंज जैसे बड़े व्यावसायिक और धार्मिक शहर में आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थायी रूप से बड़ी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में समय रहते बड़े नुकसान को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…