सुकमा के चार विद्यार्थियों काे एनआईएफटी में प्रवेश मिला, राष्ट्रपति से की मुलाकात

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुकमा, 13 नवंबर (हि.स.)। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के आदिवासी अंचल की प्रतिभा अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा के चार विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर संस्थान में जगह बनाई है। इस उपलब्धि के साथ ही इन विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात और संवाद करने का अवसर भी मिला। जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के तहत नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों ने जिले का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में आशा रवा, ममता, अनिता बघेल और लक्ष्मण बारसे शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और एनएसएसटी की आयुक्त डॉ. प्रतिमा से भी मुलाकात की। विद्यार्थियों को अपने भविष्य और करियर को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। चारों विद्यार्थियों ने एनआईएफटी-2026 की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें आशा रवा, ममता और अनिता बघेल का चयन एनआईएफटी रायपुर में हुआ है, जबकि लक्ष्मण बारसे ने एनआईएफटी भोपाल में प्रवेश प्राप्त किया है। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के सरकारी आवासीय विद्यालय से निकलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इन विद्यार्थियों की सफलता से क्षेत्र के दूसरे बच्चों के लिए भी उच्च शिक्षा और बेहतर करियर के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन के प्रयास और विद्यालय परिवार की मेहनत अहम रही। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन और विशेष प्रोत्साहन तथा सहायक आयुक्त हेमंत कुमार सिन्हा के सहयोग से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराए गए। वहीं, एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार और शिक्षकों ने लगातार मार्गदर्शन देकर विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारा। प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों से मिली यह सफलता अब जिले के दूसरे आदिवासी बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। यह उपलब्धि संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, अवसर और मेहनत के दम पर सुदूर वनांचल के विद्यार्थी भी राष्ट्रीयस्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे