फर्रुखाबाद : ट्यूबवेल से घरों में दूषित पेयजल सप्लाई पर भड़कीं महिलाएं, पालिका के खिलाफ किया प्रदर्शन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
फर्रुखाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज अंतर्गत मोहल्ला सदवाड़ा में सरकारी ट्यूबवेल से घरों में दूषित पानी (पेयजल) पहुंचने पर शनिवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसे लेकर फूलमती मंदिर के निकट स्थित ट्यूबवेल पर काफी संख्या में
महिलाएं पहुंच गईं और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
नलों से गंदा पानी आने से पेयजल संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं ने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सेहत पर खतरा जताते हुए स्वच्छ पानी की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। मोहल्लेवासियों का कहना था कि ट्यूबवेल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पिछले एक साल में तीन बार बोरिंग में पानी भरने से सड़क धंस चुकी है। हर बार मरम्मत कराकर व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब नलों से दूषित पानी आने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की कि ट्यूबवेल और बोरिंग की तकनीकी जांच कराकर समस्या की जड़ दूर की जाए।
प्रदर्शन करने वाले सनी और फूलचंद्र समेत अन्य लोगों ने बताया कि एक दिन पहले मंदिर परिसर में बारात आई थी। बारात के बाद दोना-पत्तल मंदिर परिसर से हटाकर नल की ओर डाल दिए गए थे। इससे कचरा जमा होने और पानी की निकासी बाधित होने की आशंका है। लोगों का आरोप है कि जलभराव के चलते नाली का पानी बोरिंग तक पहुंच गया, जिससे ट्यूबवेल प्रभावित हुआ और घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होने लगी। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना पर नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. शरद गंगवार साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहल्लेवासियों की शिकायतें सुनीं और जल्द समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया। पालिकाध्यक्ष ने आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने का आश्वासन दिया।
पालिकाध्यक्ष के आश्वासन पर मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति और बार-बार धंस रही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान हाेना चाहिए। प्रदर्शन में सुषमा, सुनीता मिश्रा, नजमा शाक्य, बेबी शाक्य, सुमन शाक्य और रीता शाक्य सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर