सोयाबीन की मध्यम अवधि वाली किस्मों से प्रति हेक्टेयर 4 क्विंटल तक अतिरिक्त उत्पादन संभव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
इंदौर, 20 नवंबर (हि.स.)। सोयाबीन की मध्यम अवधि में पकने वाली उन्नत किस्मों की खेती से किसान प्रति हेक्टेयर दो से चार क्विंटल तक अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। खास बात यह है कि इन किस्मों की खेती से रबी मौसम में गेहूं की समय पर बोवनी भी प्रभावित नहीं होती। राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-एनएसआरआई), इंदौर में तीन वर्षों तक संचालित परियोजना के अनुसंधान एवं प्रदर्शन के आंकड़ों में यह तथ्य सामने आया है।
संस्थान में सोयाबीन एवं गेहूं की उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन तकनीकों पर 18 से 20 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। मध्य प्रदेश शासन की परियोजना के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के 18 जिलों के 36 कृषि अधिकारियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य कृषि अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ सोयाबीन-गेहूं फसल प्रणाली की उत्पादकता बढ़ाने वाली उन्नत तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना था।
यह प्रशिक्षण मध्य प्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा वित्तपोषित परियोजना 'मध्य प्रदेश में सोयाबीन-गेहूं फसल प्रणाली की उत्पादकता में वृद्धि हेतु शीघ्र एवं मध्यम समयावधि वाली सोयाबीन किस्मों का प्रदर्शन' के अंतर्गत आयोजित किया गया।
तीन वर्षों में लगाए 1080 प्रदर्शन प्लॉट
आईसीएआर-एनएसआरआई इंदौर द्वारा मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से पिछले तीन वर्षों से मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश के 18 जिलों में इस परियोजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक वर्ष खरीफ मौसम में किसानों के खेतों पर सोयाबीन की उन्नत किस्मों के 180 और रबी मौसम में गेहूं की उन्नत किस्मों के 180 प्रदर्शन प्लॉट लगाए गए। इस तरह तीन वर्षों में सोयाबीन के 540 और गेहूं के 540, कुल 1080 प्रदर्शन प्लॉट स्थापित किए गए।
सोयाबीन के प्रदर्शन में शीघ्र पकने वाली किस्में एनआरसी-130, एनआरसी-131 और एनआरसी-150 तथा मध्यम अवधि में पकने वाली जेएस-21-72, एनआरसी-142, जेएस-20-69 और आरवीएस-2024 किस्में शामिल रहीं। वहीं, गेहूं के प्रदर्शन में क्षेत्रीय गेहूं अनुसंधान केंद्र, इंदौर द्वारा विकसित उन्नत किस्मों को शामिल किया गया।
100 से 105 दिन में पकने वाली किस्मों पर जोर
परियोजना के तहत प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 100 से 105 दिनों में पकने वाली मध्यम अवधि की सोयाबीन किस्मों से शीघ्र पकने वाली किस्मों की तुलना में प्रति हेक्टेयर दो से चार क्विंटल तक अधिक उत्पादन मिल सकता है। इन किस्मों की खेती से खरीफ और रबी फसलों के बीच उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग संभव है। इससे गेहूं की समय पर बोवनी की जा सकती है और उसकी उत्पादकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। वैज्ञानिकों के अनुसार, सोयाबीन-गेहूं फसल प्रणाली की समग्र उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने के लिए यह महत्वपूर्ण विकल्प है।
सोया दूध, टोफू और अन्य उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सोयाबीन की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक सस्य क्रियाओं, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उत्पादन की आर्थिक गणना जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। इसके साथ ही कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार में सोशल और डिजिटल मीडिया के उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में सोयाबीन के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को सोयाबीन से खाद्य उत्पाद तैयार करने की तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया। इसमें सोया दूध, सोया पनीर (टोफू), सोया कुकीज और सोया नमकीन बनाने की विधियां बताई गईं। इसका उद्देश्य कृषि अधिकारियों को उत्पादन के साथ-साथ सोयाबीन के प्रसंस्करण और उससे अतिरिक्त आय अर्जित करने की संभावनाओं से परिचित कराना था।
बीज उत्पादन को भी परियोजना में शामिल करने की तैयारी
प्रशिक्षण के अंतिम दिन परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह और कृषि विस्तार प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य शोभाराम चौहान उपस्थित रहे। 18 जिलों से आए कृषि अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित प्रदर्शन प्लॉट के अनुभव, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में उन्नत किस्मों के प्रचार-प्रसार और किसानों तक नवीन तकनीकों की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।
समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. के.एच. सिंह ने किसानों और कृषि अधिकारियों से सोयाबीन-गेहूं फसल प्रणाली में केवल शीघ्र पकने वाली किस्मों तक सीमित नहीं रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुसार मध्यम अवधि में पकने वाली उन्नत किस्मों को भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सोयाबीन की कई नई किस्में विकसित की गई हैं, जो प्रमुख कीट एवं रोगों के प्रति प्रतिरोधी होने के साथ प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन देने की क्षमता रखती हैं। इन किस्मों और उन्नत उत्पादन तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के कोर्स डायरेक्टर डॉ. बी.यू. दुपारे ने आयोजन की सफलता के लिए विशेषज्ञों, प्रतिभागियों, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा परियोजना में शामिल 18 जिलों के उप संचालक कृषि और उनके सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के आगामी चरण में बीज उत्पादन तकनीक को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए मध्य प्रदेश शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि किसानों को सोयाबीन की उन्नत किस्मों के गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा