Live VNS

पीपीजे की संस्कृत की साधना से राष्ट्रीय खेल मंच तक दोहरी उपलब्धि

पीपीजे की संस्कृत की साधना से राष्ट्रीय खेल मंच तक दोहरी उपलब्धि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नैनीताल, 23 नवंबर (हि.स.)। पीपीजे यानी पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार विद्यालय नैनीताल के विद्यार्थियों ने संस्कृत और खेल के क्षेत्र में दोहरी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय के साथ नैनीताल जनपद का गौरव बढ़ाया है। एक ओर विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में नैनीताल जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है, वहीं दूसरी ओर मंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया है।

मंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने देशभर की टीमों के बीच उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, तालमेल और संघर्षशीलता का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय की खेल परंपरा और खिलाड़ियों के परिश्रम को दर्शाती है।

वहीं उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और संस्कृत भाषा के प्रति अनुराग का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राज्यस्तर पर नैनीताल जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इसे विद्यार्थियों की निरंतर साधना, संस्कृत के प्रति समर्पण और आचार्यों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया।

सोमवार को विद्यालय में वंदना सत्र में राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता एवं स्कृत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश एवं शैक्षिक प्रभारी श्री उमेश शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने भी इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, संस्कृत आचार्यों और मार्गदर्शकों को बधाई दी तथा विश्वास जताया कि विद्यार्थी आगे भी अपनी प्रतिभा से विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…