Live VNS

महिला सशक्तिकरण के लिए बेटों को भी संस्कारित करना जरूरी : डॉ. धर्मशिला गुप्ता

महिला सशक्तिकरण के लिए बेटों को भी संस्कारित करना जरूरी : डॉ. धर्मशिला गुप्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 19 नवंबर (हि.स.)।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में देश में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं, लेकिन सामाजिक समानता और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। महिलाओं के प्रति अपराधों पर अंकुश लगाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बेटियों को सशक्त बनाने के साथ बेटों को भी संस्कारित करना जरूरी है। यह बातें राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता ने गुरुवार को सीएम कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह में कहीं।

कॉलेज के वूमेन्स सेल की ओर से ‘ब्रेकिंग बैरियर्स : वीमेंस इंपावरमेंट एंड बियांड’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और महिला शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ नेतृत्व की भूमिका निभाने के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार और समाज की सोच में भी बदलाव जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम कुमारी मिश्रा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की वास्तविक शुरुआत परिवार से होनी चाहिए। अलीगढ़ की डॉ. आयशा मुनीरा रशीद ने महिलाओं के कौशल विकास को आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार बताया। वहीं डॉ. निभा सिंह ने कार्यक्षेत्र में लैंगिक विभाजन समाप्त करने तथा डॉ. प्रणव कुमार प्रभाकर ने विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुश्ताक अहमद ने कहा कि महिला-पुरुष समानता संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सामाजिक रूढ़ियों और बाधाओं के कारण आज भी महिला सशक्तिकरण पर गंभीर विमर्श की आवश्यकता बनी हुई है।

इस अवसर पर संगोष्ठी की स्मारिका का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षाविद् तथा विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…