गर्म सब्जी की भगौनी में गिरी तीन साल की मासूम, इलाज के दौरान मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
झालावाड़, 19 नवंबर (हि.स.)। झालरापाटन क्षेत्र के मांडा श्यामपुरा गांव में एक हादसे में तीन साल की मासूम की जान चली गई। खेलते-खेलते रसोई में पहुंची बच्ची अचानक संतुलन बिगड़ने से जमीन पर रखी गर्म सब्जी की भगौनी पर जा गिरी। गर्म सब्जी से बच्ची का कमर से नीचे का हिस्सा और दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हॉस्पिटल चौकी प्रभारी भीम सिंह के अनुसार मृतका की पहचान दिशा (3) के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब छह बजे दिशा अपने मामा के घर खेल रही थी। उस समय उसकी मां रसोई में खाना बना रही थी। सब्जी तैयार करने के बाद मां ने गर्म भगौनी चूल्हे से उतारकर नीचे जमीन पर रख दी और दूसरे काम में लग गई। इसी दौरान बाहर खेल रही दिशा अचानक रसोई में पहुंच गई। खेलते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गर्म सब्जी से भरी भगौनी पर गिर गई। बच्ची के गिरते ही उसकी मां की चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। बच्ची गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। परिजन उसे तत्काल झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
गंभीर रूप से झुलसी बच्ची की हालत लगातार नाजुक बनी रही और गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के अनुसार दिशा के पिता मनीष मैहर झालावाड़ के सेमली बकक्ता गांव के रहने वाले हैं और खेती का काम करते हैं। दिशा उनकी इकलौती बेटी थी। दिशा की मां सौरभ बाई का पति से पिछले करीब डेढ़ साल से मनमुटाव चल रहा था। इसके चलते वह अपने पिता बालमुकुंद के घर मांडा श्यामपुरा में रह रही थी। घटना के समय भी वह घर में खाना बना रही थी।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। हॉस्पिटल चौकी पुलिस ने बच्ची का शव मोर्चरी में रखवाया है, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
तीन साल की मासूम दिशा की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस रसोई में परिवार के लिए खाना तैयार हो रहा था, वहीं कुछ ही पलों में हुआ हादसा घर की खुशियों को मातम में बदल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित