Live VNS

वैश्विक व्यवस्था में दक्षिण की भूमिका प्रभावी बनाने और भारत-अफ्रीका साझेदारी मजबूत करने पर जोर

वैश्विक व्यवस्था में दक्षिण की भूमिका प्रभावी बनाने और भारत-अफ्रीका साझेदारी मजबूत करने पर जोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में वैश्विक दक्षिण के देशों की भागीदारी अधिक प्रभावी होनी चाहिए। इसके लिए देशों को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करने, आर्थिक सुदृढ़ता बढ़ाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहित उभरती प्रौद्योगिकियों तक समावेशी एवं न्यायसंगत पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने भारत और अफ्रीका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा पारंपरिक विकास सहयोग से आगे बढ़कर सह-विकास और साझा समाधान की दिशा में काम करने पर बल दिया।

सिंह ने मंगलवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस)-दक्षिण की ओर से विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय नीतिगत संवाद 'वैश्विक दक्षिण : एक नई रणनीतिक साझेदारी की ओर' के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। दक्षिण दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इस संवाद में उन्होंने कहा कि वैश्विक दक्षिण अब अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी स्वतंत्र और सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। ऐसे में साझा चुनौतियों पर सामूहिक दृष्टिकोण विकसित करना और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास समाधान अपनाना जरूरी है।

सिंह ने नवंबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दूसरे 'वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट' में प्रस्तुत दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियों का लाभ सभी देशों तक पहुंचना चाहिए। विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों का उपयोग वैश्विक दक्षिण की विकास संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों, युवा पेशेवरों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग बढ़ाने तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को ठोस नीतिगत परिणामों में बदलने की आवश्यकता भी बताई।

उन्होंने दक्षिण-दक्षिण सहयोग को आगे बढ़ाने में दक्षिण (विकास एवं ज्ञान साझाकरण पहल) की भूमिका की सराहना करते हुए व्यावहारिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। भारतीय सभ्यतागत दर्शन 'वसुधैव कुटुम्बकम्' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सहयोग, परस्पर सीखने की भावना और एकजुटता ही दीर्घकालिक साझेदारी का आधार हैं।

भारत में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त प्रो. अनिल सुखलाल ने विशेष संबोधन में कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताएं वैश्विक दक्षिण के देशों के लिए बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का अवसर हैं। उन्होंने वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार, रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने और वैश्विक दक्षिण के देशों के अनुभवों के आधार पर ज्ञान एवं नीतिगत विचार विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

भारत में इरिट्रिया के राजदूत एवं भारत स्थित राजनयिक समुदाय के डीन अलेम त्सेहाये वोल्डेमरियम ने भारत और अफ्रीका के ऐतिहासिक संबंधों को ठोस विकास साझेदारियों में बदलने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आर्थिक सहयोग, संपर्क सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विकास को केवल एक देश की ओर से दूसरे देश को दी जाने वाली सहायता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य अनुभव साझा करना, क्षमताओं का निर्माण करना और प्रत्येक देश की प्राथमिकताओं के अनुरूप अवसर पैदा करना होना चाहिए।

आरआईएस के महानिदेशक प्रो. सचिन कुमार शर्मा ने स्वागत संबोधन में वैश्विक दक्षिण के देशों से वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में केवल नियमों का पालन करने वाले देशों की भूमिका तक सीमित न रहने, बल्कि नियमों को आकार देने में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत के 'विकसित भारत 2047' और अफ्रीका के 'एजेंडा 2063' के बीच सामंजस्य का उल्लेख करते हुए व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, क्षमता निर्माण और विकास वित्तपोषण को भारत-अफ्रीका साझेदारी के प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने अफ्रीकी राजनयिक मिशनों, विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की।

गेट्स फाउंडेशन भारत की कंट्री डायरेक्टर अर्चना व्यास ने अपने विशेष संबोधन में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, स्वास्थ्य सुरक्षा, कृषि एवं खाद्य प्रणालियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संस्थागत क्षमता निर्माण को भारत-अफ्रीका सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया। कार्यक्रम के अंत में दक्षिण-वैश्विक दक्षिण उत्कृष्टता केंद्र के समन्वयक डॉ. राजन सुदेश रत्ना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि आरआईएस-दक्षिण की ओर से विदेश मंत्रालय के सहयोग से 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय संवाद में राजनयिकों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, विकास क्षेत्र के विशेषज्ञों तथा शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की भागीदारी हो रही है। संवाद का उद्देश्य दक्षिण-दक्षिण सहयोग को सशक्त बनाने के साथ भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी के नए आयामों पर विचार-विमर्श करना और साझा विकास प्राथमिकताओं को व्यावहारिक साझेदारियों में बदलने के रास्ते तलाशना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…