Live VNS

सबौर बीएयू में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती समारोह सह कुलपति सम्मेलन का आगाज

सबौर बीएयू में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती समारोह सह कुलपति सम्मेलन का आगाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के प्रांगण में शनिवार को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह सह कुलपति सम्मेलन एवं राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह एवं बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। 28 और 29 नवंबर तक चलने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के 20 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित 250 से ज्यादा वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षाविद, विभागीय अधिकारी और नीति निर्माता भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान मुख्य रूप से वैज्ञानिकों और किसानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं और कुलपतियों ने इस बात पर बल दिया कि कृषि के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध और वैज्ञानिकों के प्रयासों का लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह समय पर जमीनी स्तर पर किसानों तक पहुंचे।

भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ की स्थापना वर्ष 1967 में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में इससे 74 संस्थान जुड़े हुए हैं। स्वर्ण जयंती वर्ष के इस मंच से अमृतकाल के आगामी 25 वर्षों के नीतिगत फैसलों और कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन में कुल छह प्रमुख विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, नीतिगत एवं सामाजिक नवाचार और आधुनिक कृषि विस्तार जैसे अहम मुद्दों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन के वरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए हैं। सम्मेलन के दौरान कृषि विस्तार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…