टाउन हॉल में 'सुशासन दिवस : नीतीश संवाद' का आयोजन, विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार के सुशासन और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को शहर के टाउन हॉल में जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से 'सुशासन दिवस : नीतीश संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बिहार विधान परिषद में सत्ता दल के उपनेता ललन सर्राफ शामिल हुए।
इससे पूर्व सोमवार शाम कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर जदयू कार्यालय में दीपोत्सव भी मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता ललन सर्राफ ने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रम को दूर करें। वहीं, बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रहलाद सरकार ने इसे संगठन की मजबूती और जनता से सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बताया।
इस अवसर पर भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने कहा कि यह आयोजन विकास और सुशासन की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन ने महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने वाली योजनाओं का उल्लेख किया। कहलगांव विधायक ईं. शुभानंद मुकेश ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन में जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता तथा महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान पूर्व महानगर जिलाध्यक्ष सुड्डू साईं, पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य महादेव मंडल, मछुआरा आयोग की सदस्य रेणु सिंह निषाद, प्रदेश सचिव संजीव चंद्रवंशी व शबाना दाऊद सहित जिले के सभी प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर