श्रद्धापूर्वक मनाया गोपाष्टमी पर्व, गाय-बछड़े की पूजा की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के बाद आने वाली कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी पर आज गोपाष्टमी पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान गाय-बछड़ों की पूजा की गई। उन्हें मिठाई व फलों का भोग लगाया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि पर जगत के पालनहार भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण शुरू किया था, इसलिए इसी तिथि पर गोपाष्टमी का त्योहार मनाया जाता है। पंचाग के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि आज मनाई गई।
गौशालाओं में गायों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर पूजन-अर्चना की गई। कई स्थानों पर गोसेवा, हरा चारा वितरण और सामूहिक आरती के कार्यक्रम भी हुए। कामधेनु जन कल्याण संस्थान नांदड़ी द्वारा गोपाष्टमी के पावन पर्व पर गौ माता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के संकल्प के साथ अनुकरणीय धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर निर्मलपुरी महाराज गौशाला, जाजिवाल भाटियान में गौ पूजन एवं गौ भक्तो के सहयोग से 1111 किलो लापसी तैयार कर गौ माता को श्रद्धापूर्वक भोग अर्पित किया गया। विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, जनकल्याण एवं सर्वमंगल की कामना की गई। संस्थान के प्रवक्ता किशनलाल लखारा ने बताया कि कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष एंव पूर्व सरपंच प्रतापसिंह पङिहार, पार्षद प्रत्याशी अमर सिंह पडि़हार, रतन सिंह राठौड़, सूरजमल सोनी, जगदीश भाटी, गोविन्द सिंह गहलोत, विजय भाटी, छोटसा कंसारा, प्रेम लखारा, भूपेंद्र ठिंगला सहित अनेक गौ भक्त एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश