विकास भी, विरासत भी’ भारत की विकास यात्रा को दे रहा नई दिशा : राज्यपाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
श्री रेणुका जी, 24 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर से गुजर रहा है। देश की समृद्ध आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
राज्यपाल अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित थीं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र देश की विकास यात्रा को नई दिशा दे रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि माता रेणुका जी और भगवान परशुराम के दिव्य मिलन का यह मेला मातृत्व, त्याग, श्रद्धा और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है।
उन्होंने धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर बल देते हुए कहा कि श्री रेणुका जी जैसे पवित्र स्थलों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और इको-टूरिज्म के केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। बेहतर सड़क संपर्क, होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित उद्यमिता से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
राज्यपाल ने ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अभियान को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि पारंपरिक मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने युवाओं को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने, लोक परंपराओं का डिजिटल संरक्षण करने तथा नशे के विरुद्ध जन आंदोलन शुरू करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। राज्यपाल ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और रेणुका झील की प्राकृतिक सुंदरता संरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना की।
इससे पूर्व राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने भगवान परशुराम तथा माता रेणुका जी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला