Live VNS

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

आमातालाब और रूद्री के रुद्रेश्वर घाट पर होगी सूर्य उपासना

आज खरना, कल अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। उत्तर भारत के प्रमुख पर्व छठ पूजा की धूम अब धमतरी में भी दिखाई देने लगी है। शहर में आमातालाब और रूद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव घाट पर छठ व्रतियों द्वारा पूजा-अर्चना की जाएगी।

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को संपन्न होता है। छठ व्रत को कठिन तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक माना जाता है। व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान और पति की दीर्घायु तथा कल्याण की कामना के साथ सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करती हैं। पर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के तहत घरों की साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना के बाद सात्विक भोजन ग्रहण किया गया और चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया गया।

शनिवार 14 नवंबर को खरना होगा, जिसके बाद व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण होगा। इस दौरान छठ घाटों पर पारंपरिक पकवानों और फलों से सजे सूप के साथ श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। रूद्री में छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। संतोष तिवारी ने बताया कि रुद्रेश्वर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…