गुजरात में भीषण सड़क हादसा, कार में आग लगने से तीन दोस्तों की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जूनागढ़, 22 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के केशोद-बालागाम रोड पर घमीदाणा गांव के पास रविवार तड़के करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसे में एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई, जिससे तीनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, कार सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चुडासमा की जान बच गई। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जूनागढ़ से माधवपुर की ओर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। इसके बाद कार सड़क किनारे रखे पत्थर से टकराकर जल उठी। कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां शामिल थीं।
हादसे में करीब 25 से 27 वर्ष आयु के तीन लोगों—नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणीया और झलक मशरू—की जलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आगे की सीट पर बैठी कृष्णा चुडासमा कांच टूटने से बाहर छिटककर पास के खेत में जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा जूनागढ़ की निवासी हैं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व मॉडल हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 1.23 लाख फॉलोअर्स हैं।
कृष्णा के परिजनों के मुताबिक मृतका नंदनी पोपट का आज जन्मदिन था और रात में परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के बाद चारों दोस्त बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए माधवपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घायल कृष्णा को 108 के जरिए केशोद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर आघात के कारण मानसिक रूप से अस्थिर होने पर चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। पीआई एन. बी. चौधरी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की जांच की जा रही है, साथ ही उपचाराधीन कृष्णा से प्राथमिक जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे