यूपी के 300 गांवों में पहुंचेगी गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा, तीन लाख मरीजों के मुफ्त इलाज का लक्ष्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण का आयोजन 21 से 24 नवंबर तक किया जाएगा। इस चार दिवसीय अभियान के तहत प्रदेश के आठ जिलों के करीब 300 दुर्गम गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। शिविर के माध्यम से तीन लाख से अधिक मरीजों को निशुल्क जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में देशभर के करीब 1500 विशेषज्ञ चिकित्सक और 150 चिकित्सा संस्थान अपनी सेवाएं देंगे।
विश्व संवाद केंद्र में गुरुवार को आयोजित नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के राष्ट्रीय बौद्धिक प्रमुख प्रो. एमएलबी भट्ट ने उक्त जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के अवध, गोरख, ब्रज एवं काशी प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा से सटे तथा जनजातीय बहुल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले छह संस्करणों में ब्रज प्रांत के पीलीभीत क्षेत्र में मिली सफलता के बाद इस बार काशी प्रांत के सोनभद्र जिले को भी अभियान में शामिल किया गया है।
आठ जिलों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
यात्रा के तहत पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और सोनभद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन जिलों के करीब 300 चिह्नित गांवों में चिकित्सा दल पहुंचकर लोगों की जांच और उपचार करेंगे। दुर्गम और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
1500 विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
अभियान में देशभर के करीब 1500 विशेषज्ञ चिकित्सक और मेडिकल छात्र बिना किसी मानदेय के अपनी सेवाएं देंगे। इनके साथ 150 चिकित्सा संस्थान भी सहयोग करेंगे। शिविरों में मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, पैथोलॉजी जांच और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनजातीय बीमारियों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर
अभियान में थारू और अन्य जनजातीय समुदायों में पाई जाने वाली आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारियों, जैसे सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया की विशेष स्क्रीनिंग एवं उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ग्रामीणों को संतुलित पोषण, संक्रामक रोगों से बचाव और महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले छह संस्करणों के माध्यम से हजारों गांवों तक पहुंचकर लाखों वंचित नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जा चुका है। सातवें संस्करण को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अभियान के आयोजकों ने स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से इसके सफल संचालन में सहयोग की अपील की है।
इस अवसर पर नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार और प्रांतीय अध्यक्ष डॉ संदीप कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन