Live VNS

गुरुग्राम: वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनेगा एक्शन प्लान: डॉ. पंकज

गुरुग्राम: वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनेगा एक्शन प्लान: डॉ. पंकज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-सभी संबंधित विभाग सीएक्यूएम फ्रेमवर्क के तहत कराएं गुणवत्तापूर्ण कार्य

-रात्रि गश्त बढ़ाने, कचरा जलाने और सीएंडडी वेस्ट की अवैध डंपिंग रोकने के निर्देश

गुरुग्राम, 27 नवंबर (हि.स.)। शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वित प्रयास तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में एनुअल एक्शन प्लान-2027 तैयार करने तथा उसके निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एनएचएआई, जीएमडीए, एचएसवीपी, एमसीजी, एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

निगमायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन आने वाली सडक़ों का निर्माण और रखरखाव सीएक्यूएम फ्रेमवर्क के तहत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सडक़, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में कहीं भी ब्राउन पैच अर्थात खाली मिट्टी वाले हिस्से दिखाई नहीं देने चाहिए। इसके लिए एंड-टू-एंड पेविंग के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर हरियाली और घास विकसित की जाए, ताकि धूल उडऩे की संभावना कम हो और सडक़ किनारे के क्षेत्र व्यवस्थित एवं सुंदर बनें। उन्होंने फुटपाथों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। कर्व स्टोन सही तरीके से लगाए जाएं, ताकि वे बार-बार क्षतिग्रस्त न हों और नागरिकों को बेहतर पैदल यात्री सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को प्राथमिकता दी जाए तथा सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।

कचरा जलाने की घटनाओं पर रहेगी कड़ी निगरानी

निगमायुक्त ने सर्दी के मौसम में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर गंभीरता से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की नियमित निगरानी की जाए, उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो और किसी भी स्थान पर आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी दिन के साथ-साथ रात के समय भी होनी चाहिए। एमसीजी क्षेत्र में संबंधित संयुक्त आयुक्त स्वयं मौके पर जाकर स्वीपिंग मशीनों, डस्ट फ्री अभियान और एंटी स्मॉग गन के संचालन एवं कार्यप्रणाली की जांच करें, ताकि इन उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…