Live VNS

गुरुग्राम: अगर पीयूसी नहीं तो पेट्रोल, डीजल व सीएनजी भी नहीं

गुरुग्राम: अगर पीयूसी नहीं तो पेट्रोल, डीजल व सीएनजी भी नहीं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-गुरुग्राम में सख्ती से लागू कर दिया गया है पीयूसी प्रमाण-पत्र

-एएनपीआर सिस्टम के माध्यम से वाहनों के पीयूसी प्रमाण-पत्र की होगी ऑनलाइन जांच

-गुरुग्राम जिला में 15 नवंबर रविवार से शुरू होगा कैमरे लगाने का कार्य

गुरुग्राम, 14 नंबवर (हि.स.)। जिला में अब वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) नहीं होगा तो वाहनों में पेट्रोल, डीजल व सीएनजी नहीं भरी जाएगी। किसी भी गड़बड़ी की आशंका के चलते सीसीटीवी से सभी पंपों पर नजर भी रखी जाएगी। पहले चरण में गुरुग्राम के पंपों पर 300 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को लगाने का कार्य कल यानी रविवार 15 नवंबर से शुरू होगा।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लागू किए जा रहे सख्त उपायों के तहत गुरुग्राम में जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) की जांच सुनिश्चित करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों की अनुपालना में यह सब कार्य किये जा रहे हैं। सीएक्यूएम के निर्देश संख्या 101 के तहत एनसीआर में पहली अक्टूबर 2026 से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र नहीं, तो ईंधन नहीं की व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत बिना वैध पीयूसी प्रमाण-पत्र वाले वाहनों को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसी कड़ी में अब पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे, इन कैमरों के माध्यम से पंप पर ईंधन डलवाने वाले वाहनों की ऑटोमेटिक तरीके से पहचान होगी कि वाहन का प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट (पीयूसी) है या नहीं। एएनपीआर कैमरा वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान कर उनके पंजीकरण नंबर का ऑनलाइन पीयूसी रिकॉर्ड से मिलान करेगा। इससे वाहन के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की वैधता की जांच करना आसान होगा और नियमों की पालना प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सकेगी। जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव संजीव सिंगला ने शनिवार को बताया कि जब तक सभी पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर प्रणाली पूरी तरह स्थापित और संचालित नहीं हो जाती, तब तक पेट्रोल पंप संचालकों को प्रत्येक वाहन में ईंधन भरने से पहले उसके वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की मैनुअल रूप से जांच करनी होगी।

संजीव सिंगला ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा सभी पेट्रोल पंप संचालकों को प्रवेश द्वार और ईंधन भरने वाले स्थानों पर हिंदी एवं अंग्रेजी में स्पष्ट और प्रमुखता से दिखाई देने वाले चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र के बिना वाहन चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…