गुरुग्राम: चालानों की राशि से सडक़ें बनवाए पुलिस: पंकज डावर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-सरकार, जीएमडीए, नगर निगम, प्रशासन से उठ चुका है जनता का विश्वास
-जनसहयोगी बनकर पुलिस ही सडक़ों के निर्माण के लिए उठाए कदम
गुरुग्राम, 27 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने गुरुग्राम पुलिस द्वारा पिछले 45 दिनों में ट्रैफिक नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के 6 लाख 83 हजार 495 चालान काटकर 140 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने पर कहा कि चालान की इस विशाल राशि को पुलिस जनहित में ही खर्च करे। शहर में अनेक स्थानों पर सडक़ें टूटी पड़ी हैं, उन सडक़ों का निर्माण पुलिस कराए। यह गुडग़ांव की जनता पर पुलिस का उपकार और पुण्य का काम होगा।
पंकज डावर ने कहा कि आज गुडग़ांव की जनता का विश्वास सरकार, जीएमडीए, नगर निगम और जिला प्रशासन से पूरी तरह उठ चुका है। जिस शहर को मिलेनियम सिटी, साइबर सिटी, स्मार्ट सिटी जैसे बड़े-बड़े नाम दिए गए, उसकी सडक़ों की हालत देखकर लगता है कि यह शहर नहीं, बल्कि गड्ढों का शहर बन गया है। हर चौक-चौराहे पर, हर सेक्टर की सडक़ पर, हर गांव के रास्ते पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। बरसात में ये गड्ढे तालाब बन जाते हैं और सूखे में धूल और मिट्टी से लोगों का जीना दूभर हो जाता है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस 140 करोड़ रुपये से शहर की मुख्य सडक़ों को ही ठीक करवा दे, तो यह गुडग़ांव के इतिहास में सबसे बड़ा जनहित का काम होगा। जनता पुलिस को दुआएं देगी। लोग कहेंगे कि जिस काम को सरकार, निगम और जीएमडीए नहीं कर पाए, वह काम पुलिस ने कर दिखाया।
डावर ने कहा कि चालान काटना गलत नहीं है, नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई होनी ही चाहिए। अगर चालान का पैसा जनता की सडक़ों पर ही लगे तो जनता को चालान कटने का दुख नहीं होगा। डावर ने गुडग़ांव पुलिस से मांग की कि पुलिस जनसहयोगी बनकर आगे आएं और इस चालान की राशि से शहर की टूटी सडक़ों का निर्माण कराए। उन्होंने कहा कि आमतौर पर भी देखा जाता है कि कई जगह पुलिस ही सडक़ों के गड्ढे भरती है, बैरिकेड लगाती है, ट्रैफिक संभालती है। जब पुलिस गड्ढे भर सकती है तो सडक़ें भी बनवा सकती है। पुलिस को इस पुण्य के काम में आगे आना चाहिए। पंकज डावर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जीएमडीए के पास मास्टर प्लान हैं, बड़े-बड़े प्रोजेक्ट हैं, लेकिन जनता को चलने के लिए एक साफ-सुथरी सडक़ नहीं बनाई जा रही।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर