गुरुग्राम: मतदाता सूची से न छूटे एक भी पात्र नागरिक: सर्वप्रिय त्यागी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-गुरुग्राम भाजपा ने लिया यह संकल्प
गुरुग्राम, 13 नंबवर (हि.स.)। भाजपा हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार जिला कार्यालय गुरुकमल में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और सूची से छूटे पात्र मतदाताओं की सहायता करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संकल्प लिया गया कि गुरुग्राम में कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।
जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि स्ढ्ढक्र के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की बूथवार गंभीरता से जांच की जाए। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम हट गया है, तो उससे संपर्क कर नियमानुसार आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने और सूची में नाम दोबारा जुड़वाने में सहयोग करें। गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, इसके लिए प्रयास करना और उसके मताधिकार की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सूची से छूटे पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने में पूरा सहयोग मिले। जिला प्रभारी संदीप जोशी ने कहा कि कार्यकर्ता इस अभियान को हर बूथ तक ले जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने बताया कि बैठक में जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला मीडिया सह प्रभारी कृतिक जैन सहित सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चों, विभागों व प्रकोष्ठों के संयोजक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर