गुरुग्राम: एसटीएफ ने पकड़ी 70 लाख के गांजे की खेप, दो तस्कर भी काबू
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-ओडिशा से लाई गई थी नशे की खेप, राजस्थान में होनी थी सप्लाई-ट्रक में 19 कट्टों में छिपाकर रखा था 371.680 किलो गांजा
गुरुग्राम, 26 नवंबर (हि.स.)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सेंट्रल यूनिट ने सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सांचोली में गुरुवार को एक ट्रक से करीब 371.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की बाजार में खुदरा कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गांजे की यह खेप ओडिशा से लेकर आए थे और इसे राजस्थान में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।एसटीएफ की सेंट्रल यूनिट को सूचना मिली थी कि ट्रक के जरिए नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम टीम ने सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर गांव सांचोली के पास नाकाबंदी कर राजस्थान नंबर के एक ट्रक को रुकवाया। तलाशी लेने पर ट्रक में रखे 19 कट्टों से 371.680 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान राजस्थान के चूरू निवासी सज्जन और राम सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की यह खेप ओडिशा से लेकर आए थे और इसे राजस्थान में सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की खुदरा बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा खेप किसके पास पहुंचाई जानी थी।मामले में सोहना सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच एजेंसियां ओडिशा में गांजे की सप्लाई करने वाले व्यक्ति से लेकर राजस्थान में इसकी डिलीवरी लेने वाले नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर