Live VNS

गुरुग्राम: यातायात नियम तोड़ने वालों के 45 दिन में 140 करोड़ के चालान

गुरुग्राम: यातायात नियम तोड़ने वालों के 45 दिन में 140 करोड़ के चालान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-पुलिस ने 45 दिनों में छह लाख 83 हजार 495 चालान काटे

-गलत पार्किंग में नौ महीने का रिकॉर्ड 45 दिन में टूटा

-बिना नंबर प्लेट के 7,533 वाहन इंपाउंड

गुरुग्राम, 27 नवंबर (हि.स.)। यातायात पुलिस ने नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए चालान काटने में तेज गति दिखाई। पिछले 45 दिनों में पुलिस ने छह लाख 83 हजार 495 चालान काटे। इन पर 140 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया गया। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। जनवरी से सितंबर तक के नौ महीनों में काटे गए चालानों की तुलना में पिछले 45 दिनों में ही रिकॉर्ड चालान किए गए हैं।

यातायात पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक कुल 14,71,223 चालान किए गए थे, जबकि पिछले 45 दिनों में ही 6,83,495 चालान किए गए। इन चालानों की एवज में जनवरी से सितंबर 2026 तक 2,69,54,47,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जबकि पिछले 45 दिनों में 1,40,32,27,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जनवरी से सितंबर तक किए गए चालानों में से 28,73,11,100 रुपये की राशि वसूल की गई, जबकि पिछले 45 दिनों में चालान राशि के भुगतान को सुगम बनाने के लिए एक के स्थान पर छह विंडो शुरू की गईं। जिससे आमजन को सुविधा मिलने के साथ 11,67,70,600 रुपये की राशि जमा की गई। पिछले नौ महीनों की कुल जमा राशि की तुलना में पिछले 45 दिनों में ही लगभग 40 प्रतिशत राशि वसूल की गई।

गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जनवरी से सितंबर तक 83,044 चालान किए गए थे, जबकि पिछले 45 दिनों में ही 49,886 चालान किए गए। गलत पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई में विशेष तेजी देखने को मिली। जनवरी से सितंबर तक 97,807 चालान किए गए थे, जबकि पिछले 45 दिनों में 1,76,421 चालान किए गए, जो पिछले नौ महीनों के कुल आंकड़े से भी अधिक हैं। इसी प्रकार, लेन बदलकर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जनवरी से सितंबर तक 1,88,712 चालान किए गए, जबकि पिछले 45 दिनों में 1,24,717 चालान किए गए।

बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पिछले 45 दिनों में 81,021 चालान किए गए, जबकि जनवरी से सितंबर तक 2,81,827 चालान किए गए थे। वहीं, बिना हेलमेट पीछे बैठकर यात्रा करने वालों के विरुद्ध पिछले 45 दिनों में 87,392 चालान किए गए, जबकि जनवरी से सितंबर तक यह संख्या 2,81,453 थी। बिना नंबर प्लेट वाहनों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले 45 दिनों में 7,533 वाहनों को इंपाउंड किया गया, जबकि जुलाई से सितंबर तक तीन महीनों में 244 वाहनों को ही इंपाउंड किया गया था। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आपराधिक गतिविधियों की स्थिति में ऐसे वाहनों की पहचान करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसलिए ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…